Showing posts with label delhi election. Show all posts
Showing posts with label delhi election. Show all posts

Sunday, November 24, 2013

देश में व्यवसाय सुस्त फिर भी 1800 फीसदी बढ़ी विधायक की संपत्ति

देश में व्यवसाय सुस्त फिर भी 1800 फीसदी बढ़ी विधायक की संपत्ति
 मुख्य संवाददाता: देश में लगभग सभी व्यवसाय सुस्त पड़े है। बड़ी-बड़ी कम्पनियाँ और बैंक लगातार घाटे दिखा रही है। वहीं पांच साल के अंतराल में कुल संपत्ति में करीब 1800 फीसदी का इजाफा हो गया। यह करिश्मा
कर दिखाया है बिजवासन विधानसभा सीट से बीजेपी के विधायक सतप्रकाश राणा ने। राणा ने नामांकन में कुल 108 करोड़ की संपत्ति घोषित की है। जो कि 2008 विधानसभा में कुल 6.5 करोड़ रुपये की थी। बीजेपी विधायक ने नामांकन के पहले ही दिन शनिवार को अपने समर्थकों के साथ पर्चा भरा। अपने साथ उन्होंने अपनी पत्नी रेनू राणा का पर्चा दाखिल कराने के साथ खुद दो बार नामांकन किया है। विधायक की सालाना आय 50.65 लाख है, जबकि पत्नी की आय 32.80 लाख रुपये है। विधायक के पास 1.50 लाख रुपये कैश है जबकि पत्नी के पास 3 लाख रुपये। विधायक के अलग-अलग बैंक खाते में 31 लाख से ज्यादा जमा हैं, जबकि पत्नी के खाते में यह 1.70 करोड़ से ज्यादा हैं। पिछली दफा लाखों में ही डिपाजिट था। बैंक डिपाजिट होने के बाद भी विधायक पर 21 लाख से ज्यादा और पत्नी पर 1.53 करोड़ की देनदारी भी है। पांच सालों में विधायक के पास बीएमडब्ल्यू और फारचूनर जैसे वाहन भी जुड़े हैं। बीते चुनाव में सिर्फ होंडा सिटी कार मौजूद थी।

मोदी दिल्ली में तीन दिन में करेंगे ताबड़तोड़ 8 रैली

मोदी दिल्ली में तीन दिन में करेंगे ताबड़तोड़ 8 रैली
रिपोर्टर ब्यूरो: दिल्ली विधानसभा चुनाव में करो या मरो की नीति के साथ उतर रही भारतीय जनता पार्टी
(भाजपा) जल्द ही धुंआंधार चुनाव प्रचार शुरू करेगी तथा केन्द्र के अन्य वरिष्ठ नेताओं के अलावा प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी की तीन दिन में समूची राजधानी में कम से कम 8 रैली कराई जायेगी। मोदी 23 और 30 नवंबर तथा एक दिसंबर को दिल्ली में रहेंगे और इस दौरान सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों को समेटते हुए कम से कम 8 रैली करेंगे। इससे पहले यह कहा जा रहा था कि मोदी दिल्ली में केवल एक ही दिन रैली करेंगे। पार्टी ने चुनाव प्रचार कार्यक्रमों में बदलाव करते हुए उनकी रैलियों की संख्या को बढ़ाने का निर्णय लिया है। भाजपा उपाध्यक्ष तथा केन्द्रीय चुनाव प्रबंधन कार्यक्रम एवं समन्वय के प्रभारी मुख्तार अव्बास नकवी ने पार्टी की नियमित ब्रीफिंग में कहा कि नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही पार्टी दिल्ली में पूरी तरह चुनावी मूड में आ जायेगी और सभी वरिष्ठ नेता जोर-शोर से चुनाव प्रचार में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी 30 नवंबर को पूरे दिन दिल्ली और अगले दिन यानी एक दिसम्बर को दिल्ली में ही रहेंगे और इन दो दिनों में वह लगभग छह रैलियों को संबोधित करेंगे। मोदी 23 नवम्बर को दिन में दिल्ली पहुंचेंगे और दो या तीन रैलियों में भाषण करेंगे। उनकी रैलियों के लिए ऐसे स्थलों को चुना जायेगा जिससे कि एक रैली में लगभग दस दस विधान सभा क्षेत्र कवर हो जायें। रैली स्थलों को अभी अंतिम रूप दिया जा रहा है।